डीसी नरेश नरवाल ने कहा, अपने व अपनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ईद उल फितर पर लॉकडाउन का पालन का पालन करते हुए धाॢमक स्थलों की बजाए घर पर ही करें इबादत|
हसनपुर पलवल (मुकेश वशिष्ठ) :- उपायुक्त नरेश नरवाल ने जिलावासियों को ईद उल फितर की मुबारकबाद दी है और ईद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए घर पर ही इबादत करने की अपील की। उन्होंने ईद उल फितर से पहले अपने शुभकामना संदेश में यह बात कही।
नरेश नरवाल ने कहा कि रमजान के मुकद्दस महीने के समापन पर ईद उल फितर का अवसर दान, बंधुत्व व करूणा में हमारे विश्वास को मजबूत करता है। जिस प्रकार कोविड-19 वैश्विक महामारी से बचाव के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान रमजान माह में लोगों ने घरों में रहकर इबादत की गई उसी तरह सबकी भलाई के लिए ईद के अवसर पर भी बाहर भीड़-भाड़ में निकलने की बजाए पुन: घर पर रहकर ही इबादत करें। रमजान के महीने में मिले सहयोग के लिए जिला प्रशासन सभी रोजेदारों का आभार भी व्यक्त करता है।
कोरोना वायरस के कारण बनी वर्तमान परिस्थितियों में लोगों को अपने घरों में रहकर ही ईद को हर्षोल्लस के साथ मनाने का आग्रह करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जब तक परिस्थितियां सामान्य न हो जाए वे सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें और ईद उल फितर को अपने घर पर ही रह कर पूरी श्रद्घा के साथ मनाए। ईद के मौके पर खरीददारी के लिए बाजारों में भीड़-भाड़ से भी बचे। साथ ही अपने व अपनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सरकार की हिदायतों का पालन करें।
No comments:
Post a Comment