मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार पृथ्वी दिवस के दिन नौ अगस्त को एक दिन में राज्य में दो करोड़ 51 लाख पौधे सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न संकट को कम करने के लिए राज्य में शुरू किये गये जल-जीवन-हरियाली अभियान का एक प्रमुख हिस्सा वृक्षारोपण है। इसको तहत सभी तरह की सड़कों के दोनों ओर और तालाबों आदि के किनारों पर बड़ी संख्या में सघन वृक्षारोपण किया जा रहा है।
इसके बाद बिहार का हरित आवरण 17 प्रतिशत से भी अधिक हो जाएगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर कोरोना - मानवता को प्रकृति का संदेश विषय पर आयोजित वेबिनार को किया संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड से बंटवारे के बाद बिहार का हरित आवरण नौ प्रतिशत रह गया था।
हरित आवरण क्षेत्र को बढ़ाने के लिए वर्ष 2012 में हरियाली मिशन की शुरूआत की गयी और 24 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया, जिसमें 22 करोड़ से ज्यादा वृक्षारोपण किया गया। अब राज्य का हरित आवरण 15 प्रतिशत हो गया है, जिसे 17 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति पर विचार के लिए वष्र 2019 में 13 जुलाई को आठ घंटे से ज्यादा समय तक चली सर्वदलीय बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं भू-जल संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम की तारीफ बिल गेट्स ने की थी।
उन्हें आश्चर्य हुआ था कि बिहार पर्यावरण संरक्षण के प्रति इतना गंभीर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच जून ऐतिहासिक दिन है। विश्व पर्यावरण दिवस के साथ-साथ इस दिन को सम्पूर्ण क्रांति दिवस एवं कबीर जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की सम्पूर्ण क्रांति और लोहिया जी की सप्तक्रांति में पर्यावरण का विशेष महत्व है।
जागरूक नहीं होंगे तो बीमारी की चपेट में आते रहेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इसके प्रति काफी जागरूक हैं। अगर हम जागरूक नहीं होंगे तो किसी ना किसी बीमारी की चपेट में आते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आनेवाली पीढ़ियों की रक्षा के लिए हम सभी का बुनियादी दायित्व है कि पर्यावरण की रक्षा करें। हम सब अगर मिलकर चलेंगे तो पर्यावरण संकट में कमी आयेगी
No comments:
Post a Comment