यूपी में वाहनों का प्रवेश बंद होने के कारण हरियाणा में लगा दस किलोमीटर का जाम|
मुकेश वशिष्ट (हसनपुर पलवल) :- होडल करमन बॉर्डर से यूपी में शनिवार देर रात से वाहनों का प्रवेश बंद होने के कारण हरियाणा में लगभग दस किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। दिल्ली एवं हरियाणा की ओर से यूपी में वाहनों में बैठकर घर की ओर निकलने वाले मजदूरों को देखकर यूपी पुलिस ने वाहनों को करमन बॉर्डर पर ही रुकवा दिया । जिसके चलते हरियाणा की ओर लंबा जाम लग गया। इसका असर यूपी की ओर से हरियाणा में आने वाले वाहनों पर भी पड़ा।
यूपी और हरियाणा में स्थिति को बिगड़ता देखा तब जाकर यूपी प्रशासन ने वाहनों से सवारियां उतार कर वाहनों को प्रवेश दिया।
दरअसल यूपी प्रशासन ने शनिवार को सख्ती से उन वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी थी जो बेतरतीब तरीके से यात्रियों को लेकर प्रदेश में प्रवेश कर रहे थे। अधिकारियों के निर्देश के बाद शनिवार की रात से ही वाहनों को करमन बॉर्डर पर रोक दिया गया। वाहनों के रोके जाने से हरियाणा की ओर लंबा जाम लग गया। यह जाम करमन बॉर्डर से शुरू होकर पूरे होडल उपमंडल को भी पार कर गया ।कई किलोमीटर के जाम से वाहन चालक परेशान नजर आए ।
उधर जाम को देख हरियाणा पुलिस भी यूपी पुलिस के आगे असहाय नजर आई। हरियाणा पुलिस ने इसके लिए यूपी पुलिस को जिम्मेदार ठहराया तो वहीं यूपी पुलिस किसी भी तरीके से मजदूरों के साथ खिलवाड़ ना होने देने की बात कहकर वाहनों को रोकती रही। इस कार्यवाही का असर यूपी की सीमा में भी दिखा। वहां पर भी जाम लगता दिखाई दिया। दोनों ओर से यातायात ठप होने पर यूपी प्रशासन द्वारा भोर में यातायात को सुचारू किया गया हालांकि इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि एक भी यात्री वाहनों में सवार होकर ना निकले ।
उधर वाहनों से उतारे गए यात्री कोटवन बॉर्डर पर बड़ी संख्या में जमा हो गए और पैदल ही गंतव्य की ओर निकले। यूपी में यात्रियों को लाने ले जाने के लिए देर रात तक हुई व्यवस्थाएं बंद हो गई थी। कोई व्यवस्था ना होने के कारण यात्री पैदल ही गंतव्य की ओर निकले। हालांकि पुलिस प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाते नजर आए लेकिन उन्होंने उनकी एक न सुनी। सुबह जाकर यातायात सुचारू हो सका और हाईवे पर लगे लंबे जाम से छुटकारा मिल सका। इस मामले में डीएस पी यशपाल खटाना का कहना है कि यूपी में वाहनों का प्रवेश बंद होने के कारण यातायात की समस्या पैदा हो गई थी। उन्होंने कहा कि वाहनों का अवगवन सुचारू रूप से शुरू हो गया है।
No comments:
Post a Comment